टीडीएस वायरलस संवाददाता, बिहार/गोपालगंज न्यूज़: गोपालगंज जिले के महमदपुर थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में रविवार को दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक ताड़ के पेड़ पर चढ़कर ताड़ी उतार रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान कबीरपुर गांव निवासी बहारन मांझी के पुत्र सुशील कुमार मांझी (Sushil Kumar Manjhi) (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुशील रोज की तरह सुबह ताड़ी उतारने के लिए ताड़ के ऊंचे पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे जमीन पर गिर पड़ा। गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को Gopalganj Sadar hospital पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन एम्बुलेंस से उसे गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी तबीयत और बिगड़ गई। कुछ देर बाद युवक ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि सुशील मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और ताड़ी उतारने का काम भी करता था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महमदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार ताड़ के ऊंचे पेड़ों पर चढ़कर ताड़ी उतारना काफी जोखिम भरा काम होता है। कई बार सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण ऐसे हादसे हो जाते हैं। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
सुशील कुमार मांझी की असमय मौत से पूरे कबीरपुर गांव में शोक का माहौल है। लोगों का कहना है कि युवक स्वभाव से मिलनसार था और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए लगातार मेहनत करता था। हादसे के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुटी रही और हर कोई इस घटना से दुखी नजर आया।








