टीडीएस वायरलस न्यूज़, गोपालगंज/बिहार – गोपालगंज शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों फुटपाथी दुकानदार सड़कों पर उतर आए।
दुकानदारों ने जुलूस निकालकर शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनकी दुकानों को हटवा रहा है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
दुकानदारों ने मांग की कि उन्हें व्यवस्थित रूप से कहीं स्थायी जगह दी जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय चला सकें।
इस जुलूस का नेतृत्व कर रहे माले नेता अजात शत्रु ने प्रशासन पर गरीबों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या बड़ी गाड़ियों के कारण होती है, लेकिन इसका ठीकरा फुटपाथी दुकानदारों पर फोड़ा जा रहा है।
नेताओं और दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।







