टीडीएस वायरलस न्यूज़, गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जादोपुर बगहा गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट और चाकूबाजी की इस घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जारी है।
घायलों की पहचान प्रिंस कुमार (पिता: शिव कुमार राम), कृष्णा साह (पिता: गणेश साह) और सूरज साह (पिता: फागू साह) के रूप में की गई है।
शराब के नशे में गाली-गलौज बना विवाद की वजह स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ युवक शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे थे। जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया, तो आरोपी भड़क गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
विवाद के दौरान आरोपियों ने चाकू और अन्य धारदार हथियार निकाल लिए और हमला कर दिया। इस हमले में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देख हमलावर फरार हो गए। इसके बाद घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन चोटें गहरी होने के कारण इलाज जारी रहेगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायलों का बयान दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









