ब्रेकिंग न्यूज़: गोपालगंज में निजी स्कूल के गार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर
टीडीएस वायरलस न्यूज़, बिहार – गोपालगंज जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। बाइक सवार बदमाशों ने एक निजी स्कूल के गार्ड पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल गार्ड को पहले मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया,
जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना मांझागढ़ थाना क्षेत्र के डोमाहाता गांव के पास की बताई जा रही है। घायल की पहचान धामापाकड़ गांव निवासी मोहम्मद आशिम के 38 वर्षीय पुत्र साबिर अली (Sabir Ali) के रूप में हुई है। वह एक निजी स्कूल में गार्ड के पद पर कार्यरत है।
मिली जानकारी के अनुसार, साबिर अली सुबह अपने घर से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में उसके शरीर पर चार जगह गंभीर जख्म आए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मांझागढ़ थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल है।







