टीडीएस वायरलस न्यूज़, गोपालगंज/बिहार | कटेया थाना क्षेत्र – गोपालगंज जिले के कटेया (Kateya) थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेय पट्टी गांव में मंगलवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई गाँव मे ।
24 वर्षीय सुनीता देवी (Sunita Devi) का शव उनके ही कमरे में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पांडेय पट्टी गांव निवासी योगेंद्र शर्मा के पुत्र अमरजीत शर्मा की शादी वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के बभनौली गांव निवासी अशोक शर्मा की पुत्री सुनीता देवी से हुई थी। शादी के बाद से दोनों के बीच एक ढाई साल का बेटा आदित्य शर्मा भी है।
मंगलवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खा चुके थे। इसी दौरान सुनीता देवी अपने ससुर के लिए खाना लेकर गईं। ससुर की इच्छा पर उन्होंने खिचड़ी बनाकर खिलाई और फिर अपने छोटे बेटे को लेकर कमरे में सोने चली गईं।
रात करीब 11 बजे अचानक ढाई साल का मासूम बेटा जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर परिवार के लोग कमरे के बाहर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया,
लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। दरवाजा खुलते ही सभी के होश उड़ गए सुनीता देवी का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना पुलिस (Kateya Police) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। पुलिस ने मृतका के ससुर योगेंद्र शर्मा और सास राजमती देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि अभी तक मृतका के मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच हर एंगल से कर रही है चाहे वह आत्महत्या हो या फिर हत्या।
- क्या यह आत्महत्या है या फिर हत्या?
- घटना के वक्त कमरे में क्या हुआ था?
- परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका क्या है?
- मायके पक्ष की ओर से अब तक शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई गई?
इन सभी सवालों के जवाब police की जांच के बाद ही सामने आएंगे।
इस घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल हो गया है। गाँव वालो के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे घरेलू विवाद से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे संदिग्ध मौत मान रहे हैं।







