गोपालगंज न्यूज़: गोपालगंज माय भारत – मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, जिला इकाई गोपालगंज के तत्वावधान में दुर्गा पूजा मेले के पावन अवसर पर नशे के विरुद्ध एक सशक्त जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला युवा अधिकारी श्री शशांक मित्तल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने मेले में आए हजारों श्रद्धालुओं और युवाओं को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया।
इस अभियान का मुख्य आकर्षण पंडाल में लगाई गई विशेष झांकी रही, जिसमें _”नशा रूपी महिषासुर का वध करती हुई माँ दुर्गा”_ की मनमोहक और प्रतीकात्मक प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने बड़ी ही सुंदरता से दर्शाया कि कैसे माँ दुर्गा नशे के प्रतीक महिषासुर का संहार कर रही हैं। इस झांकी ने सभी भक्तजनों का ध्यान अपनी ओर खींचा और लोगों को सोचने पर मजबूर किया कि जिस प्रकार माँ दुर्गा ने महिषासुर का वध कर बुराई का अंत किया था, उसी प्रकार आज के समय में नशा सबसे बड़ा महिषासुर बन चुका है, जिसका वध करना हम सभी युवाओं की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी श्री शशांक मित्तल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि, “आज का युवा देश का भविष्य है, और यदि युवा ही नशे की गिरफ्त में आ जाएगा तो विकसित भारत का सपना अधूरा रह जाएगा। माई भारत का उद्देश्य सिर्फ खेल और युवा कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सामाजिक बुराइयों से बचाकर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। दुर्गा पूजा बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है, इसलिए हमने इसी पावन अवसर को नशे के खिलाफ मुहिम का माध्यम बनाया है।”
मेरा युवा भारत गोपालगंज के स्वयंसेवक अनीश कुमार ने युवाओं में बढ़ती एक और लत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि, “युवाओं को सिर्फ शराब, गुटखा या ड्रग्स ही नहीं, बल्कि मोबाइल की लत से भी बचने की जरूरत है। मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक प्रकार का नशा है जो युवाओं की एकाग्रता, स्वास्थ्य और भविष्य को बर्बाद कर रहा है। हमें डिजिटल अनुशासन भी अपनाना होगा।”
वहीं स्वयंसेवक नवीन सोलंकी ने कहा कि, “नशे के खिलाफ एक व्यापक मुहिम चलाने की आवश्यकता है। जैसे माँ दुर्गा दशहरे के दिन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक हैं, वैसे ही हम सबको मिलकर नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करना है। यह लड़ाई सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर घर, हर गांव और हर युवा की है।”
कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं से अपील की गई कि वे _”नशा मुक्त भारत – स्वस्थ भारत”_ के संकल्प को अपनाएं और अपने गांव, समाज और जिले को नशा मुक्त बनाने में माई भारत के इस अभियान का हिस्सा बनें। सभी ने हाथ उठाकर नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अभियान को सफल बनाने में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक नवीन कुमार, सूरज कुमार चंदन, अनीश कुमार, आदित्य कुमार, संध्या कुमारी, बिट्टू कुमार, आकाश गोयल, रोहित जायसवाल, आशुतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं युवा उपस्थित रहे और उन्होंने नशे के विरुद्ध इस मुहिम को अपना भरपूर समर्थन दिया।






