गोपालगंज/न्यूज़ (टुनटुन सिंह) : गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड अंतर्गत डुमरिया में 23 नवंबर 2026 को नारायणी नदी के तट पर भव्य नारायणी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। एक दिवसीय इस महोत्सव में गंगा आरती मुख्य आकर्षण रहेगी। कार्यक्रम को लेकर गोपालगंज जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
नारायणी महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गोपालगंज जिलाधिकारी समीर सौरभ ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, टेंट, मंच निर्माण और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। गोपालगंज डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि महोत्सव में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डुमरिया में आयोजित होने वाले नारायणी महोत्सव में गंगा आरती विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
महोत्सव में भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जा रही है। वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। गोपालगंज जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। नारायणी महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की धार्मिक आस्था, स्थानीय संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देना है। नारायणी नदी के तट पर होने वाला यह आयोजन गोपालगंज जिले की सांस्कृतिक पहचान को भी नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जाता है।
