टुनटुन सिंह, गोपालगंज न्यूज़: गोपालगंज एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और इंजीनियर पति के 7 ठिकानों पर SVU की रेड: 84% अधिक संपत्ति का खुलासा, पटना में मंगाई गई नोट गिनने की मशीन – आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोपालगंज सदर की एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और पथ निर्माण विभाग (रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट) में कार्यरत इंजीनियर उनके पति रितेश कुमार के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी ने अपने सेवा काल में अपनी वैध आय से लगभग 84 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसी मामले में विशेष निगरानी इकाई ने दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का कांड दर्ज किया है।
विशेष न्यायाधीश निगरानी, पटना द्वारा जारी सर्च वारंट के तहत विजिलेंस की विभिन्न टीमें सुबह से ही कार्रवाई में जुटी हैं। दोनों पति-पत्नी के गोपालगंज और राजधानी पटना स्थित कुल सात स्थानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। गोपालगंज में 9 सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर रहे स्पेशल विजिलेंस के सीनियर डीएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर यह छापेमारी की गई है और इंजीनियर रितेश कुमार व उनकी पत्नी एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है।
गोपालगंज में एसडीएम के सरकारी आवास और सरकारी कार्यालय – दोनों स्थानों पर विधिवत तलाशी ली गई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सुबह से ही आवास के मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर बाहरी लोगों का प्रवेश रोक दिया गया और स्थानीय पुलिस को अलर्ट रखा गया। सीनियर डीएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गोपालगंज से कांड से जुड़े कुछ आवश्यक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पटना से सटे दानापुर के गोला रोड स्थित चंद्रशेखर रोड नंबर-1 में बने चार मंजिला भवन में भी सुबह 9 बजे से विजिलेंस टीम की छापेमारी जारी है। जांच के दौरान यहां टीम की ओर से नोट गिनने की मशीन भी मंगाई गई है और परिवार से संबंधित संपत्तियों व वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। छापेमारी के दौरान जांच दल के अधिकारी आवास के विभिन्न कमरों, अलमारियों और कार्यालय से जुड़े संवेदनशील कागजातों को खंगाल रहे हैं। इसके साथ ही डिजिटल उपकरणों, बैंक खातों के विवरण, वित्तीय लेन-देन तथा जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है। छापेमारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सभी सात ठिकानों से बरामद नकदी, दस्तावेजों और संपत्तियों का पूरा ब्योरा तथा आगे की विधिक कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
