गोपालगंज/न्यूज़, टुनटुन सिंह: बिहार के गोपालगंज में बिजली का करंट लगने से 32 वर्षीय मिठाई कारोबारी अंकित कुमार (Ankit Kumar) की मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित किराए के मकान में हुई। बताया जा रहा है कि अंकित कुमार घर में पंखे का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान वह विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। करंट लगने के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार अपने किराए के मकान में पंखे का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान कटे हुए बिजली के तार के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लगा और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के जल गोविंद गांव निवासी कविंद्र पड़ित के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से गोपालगंज के स्टेशन रोड स्थित किराए के मकान में अपनी पत्नी और तीन बेटों के साथ रह रहे थे। अंकित कुमार गोपालगंज में मिठाई का कारोबार करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है। हादसे के बाद पत्नी, तीनों बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Q1. गोपालगंज में मिठाई कारोबारी की मौत कैसे हुई? जवाब: पंखे का तार जोड़ते समय बिजली के करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय अंकित कुमार की मौत हुई।
Q2. मृतक मिठाई कारोबारी का नाम क्या था? जवाब: मृतक का नाम अंकित कुमार था। वह पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के जल गोविंद गांव के निवासी थे।
Q3. गोपालगंज में करंट लगने की घटना कहां हुई? जवाब: यह हादसा नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित किराए के मकान में हुआ।
Q4. अंकित कुमार कितने बच्चों के पिता थे? जवाब: अंकित कुमार के तीन बेटे थे। वह पत्नी और बच्चों के साथ गोपालगंज में रहते थे।
Q5. घटना के बाद पुलिस ने क्या कार्रवाई की? जवाब: नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की।
