टीडीएस वायरलस, ब्रेकिंग न्यूज़: गोपालगंज जिले के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में सोमवार की सुबह आस्था और श्रद्धा का एक विशेष दृश्य देखने को मिला,
जब उत्तर प्रदेश से आई दो महिलाओं ने माता दुर्गा को सोने के आभूषण अर्पित कर अपनी भक्ति प्रकट की। इस दौरान मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुदही गांव निवासी नागेश्वर सिंह की पुत्री खुशबू सिंह सोमवार की सुबह थावे दुर्गा मंदिर पहुंचीं।
उन्होंने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और इसके बाद 16.6 ग्राम वजनी सोने की हार माता को अर्पित की। बताया जा रहा है कि यह अर्पण खुशबू सिंह की लंबे समय से चली आ रही मन्नत पूरी होने के बाद किया गया है।
उन्होंने कहा कि मां भवानी की कृपा से उनके परिवार पर हमेशा सुख-शांति बनी रही है, इसी श्रद्धा भाव से उन्होंने यह भेंट अर्पित की।
वहीं दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सेंदुरिया थाना क्षेत्र के परतावल गांव निवासी संतोष जयसवाल की पत्नी कामनी देवी भी सोमवार को थावे मंदिर पहुंचीं।
उन्होंने भी मां दुर्गा की विशेष पूजा की और दो ग्राम वजनी सोने की नथिया माता के चरणों में अर्पित की। कामनी देवी ने बताया कि मां दुर्गा पर उनकी गहरी आस्था है और परिवार की मनोकामना पूर्ण होने के बाद उन्होंने यह भेंट चढ़ाई है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, दोनों महिलाओं द्वारा अर्पित किए गए सोने के आभूषणों को विधिवत रसीद बनाकर मंदिर के भंडार में सुरक्षित जमा कराया गया है। सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार पूरी की गई।
सोमवार होने के कारण पहले से ही थावे दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ थी। यूपी और बिहार के विभिन्न जिलों से आए भक्तों ने मां भवानी के दर्शन किए।
जैसे ही सोने के आभूषण अर्पण की जानकारी फैली, श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने इसे माता की महिमा और भक्तों की अटूट आस्था का प्रतीक बताया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि थावे दुर्गा मंदिर में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु अपनी मन्नतें लेकर आते हैं और मन्नत पूरी होने पर माता को आभूषण, चुनरी,
नारियल और अन्य भेंट अर्पित करते हैं। हाल के दिनों में लगातार हो रहे आभूषण अर्पण से यह स्पष्ट है कि मां दुर्गा के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
गौरतलब है कि थावे दुर्गा मंदिर न सिर्फ गोपालगंज बल्कि पूरे बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्र समेत प्रत्येक सोमवार और विशेष तिथियों पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।







