टीडीएस वायरलस न्यूज़, गोपालगंज/बिहार: गोपालगंज जिले से एक चौंकाने वाला और समाज को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने बिना तलाक दिए महज 3 साल के भीतर 3 शादियां कर लीं।
हैरानी की बात यह है कि तीनों पत्नियां लंबे समय तक एक-दूसरे के अस्तित्व से पूरी तरह अनजान रहीं। जब सच्चाई सामने आई तो मामला थाने तक पहुंच गया और पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह सनसनीखेज मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के गौरूप समईल गांव का है। आरोपी का नाम पिंटू बरनवाल बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार पिंटू ने कानून को दरकिनार करते हुए एक के बाद एक तीन शादियां कीं, जबकि उसने किसी भी पत्नी को पहले की शादी की जानकारी नहीं दी।
पहली शादी और दहेज प्रताड़ना का आरोप – पहली पत्नी खुशबू कुमारी उर्फ अमृता का कहना है कि उनकी शादी वर्ष 2022 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी के दौरान उनके पिता ने करीब 20 ग्राम सोना, कई तोला चांदी और लगभग 3 लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद पिंटू लगातार 5 लाख रुपये नकद और एक कार की मांग करता रहा।
खुशबू के अनुसार दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि शादी की पहली ही रात आरोपी ने जबरन शारीरिक संबंध बनाते हुए
उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने की कोशिश की। इस गंभीर आरोप के बाद खुशबू ने मीरगंज थाने में दहेज उत्पीड़न और जबरन संबंध बनाने जैसी धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई।
दूसरी शादी, दूसरा धोखा – मामले की परतें तब और खुलीं जब दूसरी पत्नी गुड़िया कुमारी सामने आईं। गुड़िया सीवान जिले के गोरिया कोठी थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 2024 में उनकी शादी पिंटू बरनवाल से हुई थी। शादी के समय उन्हें यह बिल्कुल जानकारी नहीं दी गई थी कि पिंटू पहले से शादीशुदा है।
कुछ समय बाद जब गुड़िया को सच्चाई का पता चला तो वह सदमे में आ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना तलाक दिए ही पिंटू ने तीसरी शादी भी कर ली। इसके बाद उन्होंने भी मीरगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
तीसरी शादी और बच्चा – पहली पत्नी खुशबू का दावा है कि पिंटू बरनवाल ने सारण जिले की एक युवती से तीसरी शादी की है। इस शादी से एक बच्चा भी जन्म ले चुका है।
चौंकाने वाली बात यह है कि तीसरी पत्नी को भी पिंटू की पहली और दूसरी शादी की कोई जानकारी नहीं थी। यानी तीनों महिलाएं अलग-अलग समय पर एक ही व्यक्ति के झूठ और धोखे का शिकार बनीं।
थाने पहुंचीं दो बीवियां, मचा हड़कंप – जब पहली और दूसरी पत्नी एक साथ मीरगंज थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दी, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति पिंटू बरनवाल को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पिंटू बरनवाल ने जो बयान दिया, उसने सभी को हैरान कर दिया। उसका कहना है कि “शादी करना उसकी मजबूरी थी। उसे एक महिला में वे गुण नहीं मिले जिनकी वह तलाश कर रहा था,
इसलिए उसने दूसरी और तीसरी शादी की। पिंटू ने यह भी दावा किया कि उसने बिना दहेज के शादियां की हैं और उस पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं।
इतना ही नहीं, उसने उल्टा अपनी पत्नियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे उस पर चाकू से हमला करती थीं और उसकी मां के लिए खाना तक नहीं बनाती थीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दहेज उत्पीड़न, बिना तलाक दूसरी और तीसरी शादी, जबरन शारीरिक संबंध और धोखाधड़ी जैसे आरोपों की कानूनी पड़ताल जारी है।
जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी सजा दिलाने की कोशिश होगी।

यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की करतूत नहीं, बल्कि रिश्तों में भरोसे, कानून की अनदेखी और महिलाओं के अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। किस किस को प्यार करूं जैसी फिल्मों में दिखाई गई कहानी जब हकीकत में सामने आती है तो इसके परिणाम बेहद गंभीर और दर्दनाक होते हैं।
फिलहाल गोपालगंज पूरा जिला इस मामले को लेकर स्तब्ध है और सभी की नजरें कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं कि आखिर तीन शादियों, दहेज प्रताड़ना और गंभीर आरोपों के इस सनसनीखेज मामले में न्याय का पलड़ा किस ओर झुकता है।







