टीडीएस वायरलस संवाददाता, गोपालगंज/न्यूज़ – गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के पिपराही गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मां की डांट से नाराज होकर 16 वर्षीय किशोरी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घायल किशोरी की पहचान मनोज प्रसाद की बेटी सीता कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार घरेलू बात को लेकर मां और बेटी के बीच कहासुनी हुई थी। मां की फटकार से आहत होकर किशोरी कमरे में चली गई और गले में फंदा लगा लिया।
कुछ देर बाद परिजनों ने उसे अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए किशोरी को PMCH भेज दिया। फिलहाल उसका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।








