टीडीएस वायरलस संवाददाता, गोपालगंज/बिहार – गोपालगंज में छात्र हित को लेकर चल रहा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का आंदोलन आखिरकार सफल हो गया। जय प्रकाश विश्वविद्यालय घेराव के दौरान कुलपति द्वारा दिया गया आश्वासन अब पूरा कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने गोपालगंज में स्नातकोत्तर (PG) के सभी विषयों की पढ़ाई शुरू करने की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने इसे छात्र आंदोलन की बड़ी जीत बताया है। संगठन ने अपने पूर्व और वर्तमान कार्यकर्ताओं के संघर्ष को इस सफलता का श्रेय दिया है। साथ ही सदर विधायक, विधान पार्षद, बैकुंठपुर विधायक तथा कमला राय कॉलेज, महेंद्र महिला कॉलेज और गोपेश्वर महाविद्यालय के प्राचार्यों का भी आभार जताया गया है, जिन्होंने विश्वविद्यालय और विधानसभा स्तर पर इस मांग को मजबूती से उठाया।
छात्रों का कहना है कि अब गोपालगंज के विद्यार्थियों को PG की पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों कम होंगे।






