टीडीएस वायरलस न्यूज़, बिहार: गोपालगंज जिले के सहदुल्लेपुर मठिया गांव में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब प्रतिबंधित मांस बेचने के आरोप में एक युवक को ग्रामीणों और कुछ संगठनों के सदस्यों ने पकड़ लिया।
आरोप है कि युवक को पहले रोका गया, फिर पूछताछ के दौरान उसके पास से प्रतिबंधित मांस बरामद होने पर भीड़ उग्र हो गई और युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ ने युवक को बिजली के पोल से बांधकर मारपीट की और उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरा छपरा गांव निवासी मो. आजाद के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मो. आजाद बाइक पर करीब 8 किलो प्रतिबंधित मांस लादकर सहदुल्लेपुर मठिया गांव में बेचने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान कुछ लोगों को इसकी भनक लग गई।
जानकारी मिलते ही कुछ हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को रास्ते में रोक लिया और उससे पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान जब उसके पास रखे थैले की तलाशी ली गई तो उसमें प्रतिबंधित मांस पाया गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते भीड़ ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुछ लोगो के मुताबिक, युवक को पहले सड़क पर पीटा गया, फिर उसे पास ही लगे बिजली के पोल से बांध दिया गया। आरोप है कि इसके बाद भी कुछ देर तक उसके साथ मारपीट की जाती रही।
इस दौरान युवक की बाइक को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को भीड़ से छुड़ाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने आरोपी युवक मो. आजाद को हिरासत में ले लिया और उसके पास से करीब 8 किलो प्रतिबंधित मांस जब्त किया।
मारपीट में घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उससे यह जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह मांस कहां से लाया था और किसे बेचने जा रहा था। पुलिस युवक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
वहीं, प्रतिबंधित मांस होने के आरोपों की पुष्टि के लिए मांस के सैंपल लैब जांच के लिए भेजे जा सकते हैं, ताकि कानूनी रूप से यह स्पष्ट हो सके कि मांस वास्तव में प्रतिबंधित श्रेणी का है या नहीं।
वायरल वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई-पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस मामले में सिर्फ आरोपी युवक ही नहीं, बल्कि कानून हाथ में लेने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के आधार पर उन लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने युवक के साथ मारपीट की और उसे बिजली के पोल से बांधा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी चाहे किसी भी पक्ष का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। कानून को अपने हाथ में लेना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का काम है और भीड़ द्वारा की गई हिंसा भी एक गंभीर अपराध है।
इस मामले में निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह प्रतिबंधित मांस बेचने वाला युवक हो या उसे पीटने वाली भीड़।फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।









