मधुबनी/न्यूज़: मधुबनी जिले में एक पुलिसकर्मी की करतूत सामने आई. जिसने पुलिस महकमे को सवालों के घेरे में ला दिया. बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ पुलिस पिकेट में तैनात ASI चंद्रमोहन सिंह पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप है. घटना में विजय यादव नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई. जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं.
ASI चंद्रमोहन सिंह एक महिला के घर अक्सर आता-जाता था. बताया जा रहा है कि बीती रात भी वह महिला के घर पहुंचा था. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया. इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया. लोगों ने ASI को घर के अंदर ही घेर लिया और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. हालात बिगड़ते देख ASI ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली.
आरोप है कि खुद को लोगों से घिरा देख ASI चंद्रमोहन सिंह ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई. इस दौरान चार लोगों को गोली लगी. इनमें विजय यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, घायलों की पहचान और उनकी मौजूदा हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.











