सिरिसिया भावना कप सीजन–14: दूसरे सेमीफाइनल में शोएब 11 महुअवा का जलवा, मन्नू 11 गोपालगंज को 33 रनों से हराकर फाइनल में बनाई जगह
टीडीएस वायरलस न्यूज़, हरपुर सासामुसा (गोपालगंज)। सिरिसिया भावना कप सीजन–14 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला।
हरपुर खेल मैदान पर खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में शोएब 11 महुअवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मन्नू 11 गोपालगंज को 33 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस मुकाबले में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग—तीनों ही विभागों में दर्शकों को भरपूर रोमांच देखने को मिला।
मुकाबले की शुरुआत में मन्नू 11 गोपालगंज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। यह फैसला शुरुआती ओवरों में सही साबित होता दिखा, जब शोएब 11 महुअवा की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही।
मात्र 3.3 ओवर में टीम ने 13 रन के स्कोर पर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए। मैदान पर सन्नाटा छा गया और ऐसा लगने लगा कि शोएब 11 दबाव में बिखर जाएगी।
लेकिन संकट की इस घड़ी में मेहराब ने मोर्चा संभालते हुए टीम को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने संयम और समझदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए 24 रन बनाए,
जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे। हालांकि मेहराब के आउट होते ही एक बार फिर टीम पर दबाव बढ़ गया।
इसके बाद क्रीज पर आए सनी यादव ने मैच की तस्वीर ही बदल दी। उन्होंने आक्रामक तेवर दिखाते हुए गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
सनी यादव ने मात्र कुछ ही ओवरों में मैदान के चारों ओर बड़े-बड़े शॉट लगाए और अपनी 95 रनों की विस्फोटक पारी से मुकाबले को एकतरफा बना दिया। उनकी इस तूफानी पारी में 13 छक्के और तीन चौके शामिल थे।
सनी यादव की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत शोएब 11 महुअवा की टीम ने 14.3 ओवर में 192 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। सनी के आउट होने के बाद पारी थोड़ी लड़खड़ाई, लेकिन तब तक टीम मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी।
192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मन्नू 11 गोपालगंज की शुरुआत भी निराशाजनक रही। टीम ने महज तीन ओवर में 14 रन पर अपने चार शीर्ष बल्लेबाजों को खो दिया।
शुरुआती झटकों ने टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद मुकेश ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 28 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें दो चौके और आठ छक्के शामिल थे।
मुकेश का साथ देने आए अमन ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 10 गेंदों पर 19 रन बनाते हुए तीन अहम छक्के जड़े। लेकिन दोनों बल्लेबाजों के आउट होते ही टीम फिर दबाव में आ गई और रन रेट लगातार बढ़ता चला गया।
सातवें विकेट के रूप में मैदान पर उतरे प्रियांशु मिश्रा ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाया। उन्होंने 28 गेंदों पर 61 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें दो चौके और आठ छक्के शामिल थे।
प्रियांशु ने अंत तक संघर्ष किया और दर्शकों को उम्मीद की किरण दिखाई, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग न मिल पाने के कारण उनकी शानदार पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
मन्नू 11 गोपालगंज की पूरी टीम 15.2 ओवर में 160 रन पर सिमट गई और मुकाबला 33 रनों से हार गई।
गेंदबाजी में शोएब 11 महुअवा के रवि सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 54 रन देकर पांच महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
वहीं, बल्लेबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सनी यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस मुकाबले के मुख्य अतिथि एम.के. गैस एजेंसी के निदेशक श्री सादिक अली रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रेयाज अहमद एवं सतीश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री कृष्णा कुमार पंडित ने की। सचिव बब्बू सिंह एवं कोषाध्यक्ष मुस्ताक अहमद की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
मैच का सफल संचालन अंपायर शाहिद जमाल सैफी एवं ई. प्रवेज आलम ने किया, जबकि कमेंट्री बॉक्स से फारूक अहमद ने दर्शकों का उत्साह बनाए रखा। स्कोरिंग की जिम्मेदारी ई. अशरफ अली एवं विनय शर्मा ने बखूबी निभाई।
आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य मन्नू सिंह, सतीश गुप्ता, देव जी गुप्ता, देवीराम दुबे, मो. अतिउल्लाह, फिरोज सैफी, परवेज़ आलम और डबलू की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
खेल भावना, अनुशासन और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ सिरिसिया भावना कप सीजन–14 लगातार सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।







