टीडीएस वायरलस न्यूज़ गोपालगंज/बिहार – गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भोजपुरवा गांव के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक ट्रैक्टर चालक को पीठ में गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जख्मी युवक को तत्काल इलाज के लिए गोपालगंज मॉडल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव निवासी विनोद सिंह के 20 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार (Piyush Kumar) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पीयूष कुमार अपने खेत से गन्ना लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से हरखुआ स्थित चीनी मिल गया था। गन्ना गिराने के बाद वह वापस घर लौट रहा था, तभी भोजपुरवा गांव (Bhojpurwa Gaw) के पास बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने के बाद पीयूष कुमार ने अपने मामा के बेटों को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे घायल अवस्था में अस्पताल लेकर गए।
घटना की सूचना मिलते ही मांझागढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगी है और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।







