गोपालगंज में ABVP की ऐतिहासिक शोभायात्रा, 19 जिलों के हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल – राष्ट्रवादी नारों से गूंज उठा शहर
टीडीएस वायरलस न्यूज़, गोपालगंज/बिहार: गोपालगंज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के उत्तर बिहार प्रांत के 67वें प्रांतीय अधिवेशन के तीसरे दिन रविवार को शहर में एक भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई।
इस शोभायात्रा में बिहार के 19 जिलों से आए हजारों छात्र-छात्राओं और अभाविप कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे शहर का माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया और “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” तथा “राष्ट्रवाद का मान बढ़ाने, इस जिले से आए हैं” जैसे नारों से गोपालगंज गूंज उठा।
शोभायात्रा की शुरुआत मिंज स्टेडियम से हुई, जहां से घोड़े, बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़े और डीजे के साथ कार्यकर्ता आगे बढ़े। राष्ट्रध्वज और संगठन के झंडे लहराते हुए जब शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी तो हर वर्ग के लोग इस दृश्य के साक्षी बने। छात्र-छात्राओं में जबरदस्त जोश और अनुशासन देखने को मिला।

इस भव्य शोभायात्रा में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी तथा बिहार-झारखंड क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रनिर्माण में छात्र शक्ति की भूमिका पर जोर दिया। उनके साथ प्रदेश एवं जिला स्तर के कई प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद थे।
शोभायात्रा मिंज स्टेडियम से निकलकर पोस्ट ऑफिस चौक, जंगलिया मोड़, अंबेडकर चौक, घोष मोड़, पुरानी चौक, ब्रह्म चौक, मोनिया चौक होते हुए आगे बढ़ी।
इसके बाद पुनौरा थाना चौक, एसएस बालिका स्कूल, कैलाश होटल होते हुए पूनम मोनिया चौक पर इसका भव्य समापन हुआ। पूरे मार्ग में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।
शोभायात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का शहर के विभिन्न स्थानों पर फूल बरसाकर जोरदार स्वागत किया गया।
- अंबेडकर चौक, पुरानी चौक और भगत सिंह चौक पर स्थानीय लोगों और संगठनों ने पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।
- भगत सिंह चौक पर ताइक्वांडो अकादमी से जुड़े छात्र-छात्राओं ने विशेष रूप से शोभायात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
- वहीं, अभाविप के पूर्व सदस्य विजय तिवारी के नेतृत्व में प्रबुद्ध नागरिकों ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
19 जिलों के कार्यकर्ताओं की रही शानदार भागीदारी – इस शोभायात्रा में गोपालगंज, छपरा, सिवान, वैशाली, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सुपौल, मधेपुरा, मधुबनी, सीतामढ़ी सहित उत्तर बिहार के कुल 19 जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
खास बात यह रही कि सभी जिले के कार्यकर्ता अपने-अपने पारंपरिक परिधान में नजर आए, जिससे सांस्कृतिक विविधता की झलक भी देखने को मिली।
हर जिला अपने नाम के साथ नारे लगाता हुआ आगे बढ़ रहा था, राष्ट्रवाद का मान बढ़ाने, इस जिले से आए हैं। ईन नारों ने न सिर्फ कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरी बल्कि आम लोगों को भी राष्ट्रवाद के विचार से जोड़ दिया।
शोभायात्रा के समापन के पश्चात खुला अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें संगठन के नेताओं ने छात्र राजनीति, शिक्षा व्यवस्था, राष्ट्र निर्माण और युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। नेताओं ने कहा कि ABVP केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है।
Abvp Gopalganj
इस विशाल शोभायात्रा ने यह स्पष्ट कर दिया कि उत्तर बिहार में अभाविप की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। अनुशासन, संख्या और उत्साह तीनों ही स्तर पर यह आयोजन ऐतिहासिक रहा। शहरवासियों ने भी इस आयोजन की खुले दिल से सराहना की।







