टीडीएस वायरलस न्यूज़, बिहार – गोपालगंज जिले में छात्रों के अपार आईडी निर्माण की धीमी प्रगति को लेकर शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 19 दिसंबर तक सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों की अपार आईडी 100 प्रतिशत बनाना सुनिश्चित करें।
डीईओ ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक प्रखंड में प्रतिदिन कम से कम एक हजार अपार आईडी तैयार की जाए। इसके लिए प्रखंड में प्रतिनियुक्त कंप्यूटर शिक्षक एवं इंस्ट्रक्टर को रोजाना प्रखंड कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य करना अनिवार्य होगा।
साथ ही प्रतिदिन शाम चार बजे तक प्रगति रिपोर्ट जिला स्तर के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की जाएगी, जिसे राज्य कार्यालय को भी भेजा जाएगा।
चेतावनी दी गई है कि यदि अपार आईडी निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित कर्मियों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों एवं कंप्यूटर शिक्षकों के खिलाफ वेतन कटौती सहित कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सभी सरकारी व निजी विद्यालयों को छात्रों का आवश्यक डेटा समय पर प्रखंड संसाधन केंद्र में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।







