टीडीएस वायरलस न्यूज़, बिहार/गोपालगंज – शहीद दिवस (23 मार्च) के अवसर पर ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) गोपालगंज के द्वारा जिला युवा अधिकारी श्वेता सिंह के निर्देशन में आज श्रमदान और पदयात्रा का आयोजन किया गया।
‘मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी’ थीम पर, युवाओं ने इस अभियान के जरिये युवाओं और नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने शहर स्थित कमला राय कॉलेज परिसर में स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के साथ-साथ मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी के नारों के साथ श्रमदान कर साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
मौके पर उपस्थित कॉलेज के nss पदाधिकारी डॉ संदीप कुमार ने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वह्न करना चाहिए।उन्होंने एक स्वच्छ, जिम्मेदार और जागरूक भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
इसके पश्चात कॉलेज कैंपस से ही शहीद भगत सिंह , राजगुरु और सुखदेव के जयघोष के साथ भारत माता की जय और वन्दे मातरम् के नारों के साथ पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा कॉलेज परिसर से शुरू होकर भगत सिंह चौक पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त हुआ।
यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को एक सूत्र में जोड़ने, राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का एक ऐतिहासिक अवसर है। मौके पर उपस्थित कमला राय कॉलेज के इग्नू के प्रभारी अमित सर ने कहा कि भारत माता को दासता की बेड़ियों से आज़ाद कराने में जिन क्रांतिकारियों ने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया,
उनमें इन तीनों का नाम स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा. उन्होंने कहा कि उनके अद्वितीय साहस और मातृभूमि की सेवा में बलिदान का जज्बा हमेशा हम सभी को प्रेरित करता रहेगा।

इस कार्यक्रम में उचकागांव के स्वयंसेवक नवीन कुमार सिंह, गोपालगंज के स्वयंसेवक अनिश कुमार, आशुतोष कुमार, सूरज कुमार चंदन, प्रगति ठाकुर, बलिराम मांझी सहित सैकड़ों की संख्या में युवा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।।







