Horizontal Scroll Menu - TdsVirals
Home Gopalganj World Entertainment Education Virals Sports Business Lifestyle

मांझा प्रखंड में शिव मंदिर में चोरी | दान पेटी तोड़कर 35 हजार रुपये ले उड़े चोर

On: January 20, 2026 7:47 AM
Follow Us:
---Advertisement---

टीडीएस वायरलस न्यूज़, गोपालगंज/बिहार – गोपालगंज जिले के मांझा प्रखंड अंतर्गत मधुसरैया पंचायत स्थित शिव मंदिर में बीती रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में रखी दान पेटी को तोड़कर उसमें रखे करीब 35 हजार रुपये नकद चुरा लिए।

इस घटना की जानकारी उस समय हुई, जब ग्रामीण रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। दान पेटी टूटी हुई और नकदी गायब देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे और घने कोहरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। आशंका जताई जा रही है कि चोर पूरी तैयारी के साथ मंदिर पहुंचे थे और बड़ी ही आसानी से दान पेटी को तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया है। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना चौकीदार और संबंधित प्रशासन को दी।

सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण शिव मंदिर पर एकत्रित हो गए और घटना को लेकर नाराजगी जताने लगे। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान पर चोरी की घटना बेहद चिंताजनक है।

ग्रामीणों ने बताया कि मधुसरैया का शिव मंदिर क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-पाठ के लिए आते हैं और दान पेटी में अपनी श्रद्धा अनुसार राशि दान करते हैं।

दान पेटी में जमा यह राशि मंदिर के रख-रखाव, पूजा सामग्री और धार्मिक आयोजनों में खर्च की जाती है। ऐसे में चोरी की यह घटना न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है, बल्कि मंदिर व्यवस्था के लिए भी नुकसानदायक है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले थावे मंदिर में भी चोरी की घटना सामने आई थी। अब मधुसरैया के शिव मंदिर को निशाना बनाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो आगे चलकर मंदिर से कीमती सामान, मूर्तियां या पूजा की वस्तुएं भी चोरी हो सकती हैं।

मधुसरैया गांव के निवासी बिदाराम ने बताया कि दान पेटी में करीब 35 हजार रुपये रखे थे, जिसे चोर चुरा ले गए। उन्होंने कहा कि मंदिर में किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं है, न ही रात में कोई निगरानी रहती है।

इसी का फायदा उठाकर चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने भी इस घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने मांग की है कि चोरी की इस घटना की  जांच कर जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की जाए। साथ ही मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करेगी और चोरी गई रकम की बरामदगी होगी।

फिलहाल इस घटना के बाद मधुसरैया गांव सहित आसपास के गांवों में चर्चा का माहौल हो रहा है। लोग मंदिरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Pratibha Kumari

प्रतिभा कुमारी – 12वीं की छात्रा और वायरल न्यूज़ व देश-दुनिया श्रेणी की कंटेंट राइटर, जो पाठकों को सरल, रोचक और भरोसेमंद खबरें उपलब्ध कराने के लिए जानी जाती हैं। Pratibha Kumari

Join WhatsApp

Join Now