नए साल का बड़ा तोहफा: गोपालगंज जिले के 16 स्थानों पर बनेंगे पार्क, हर प्रखंड मुख्यालय में मिलेगा हरियाली का उपहार
टीडीएस वायरलस न्यूज़, बिहार/गोपालगंज – गोपालगंज जिले के लोगों को नए साल में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों समेत कुल 16 स्थानों पर पार्कों का निर्माण किया जाएगा।
अब तक 8 स्थानों पर स्थल चयन पूरा कर लिया गया है और तय समय पर कार्य पूरा होने पर वर्ष 2026 तक सभी प्रखंडों में पार्क बनकर तैयार हो जाएंगे।
इस योजना में मनरेगा का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही जिले के अमृत सरोवरों के आसपास पार्क विकसित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र को हरा-भरा बनाया जा सके। पार्क निर्माण के साथ ही व्यापक पौधारोपण अभियान भी शुरू किया जाएगा।
थावे दुर्गा मंदिर (Thawe Durga Mandir) के समीप जंगल क्षेत्र में बड़ा पार्क बनाया जाएगा, जिसकी देखरेख वन विभाग करेगा।
वहीं मंदिर के सामने स्थित तालाब के आसपास म्यूजिकल पार्क विकसित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु पूजा के बाद समय बिता सकें।
सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित छोटे पार्क का भी विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री नगर विकास योजना की बैठक में इस पर सहमति बनी है और इसके लिए अलग से राशि स्वीकृत की जाएगी।







