कटेया थाना क्षेत्र में बड़ी पुलिस कार्रवाई, अवैध हथियार व कारतूस के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार
टीडीएस वायरलस न्यूज़, गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि काले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक षड्यंत्र को अंजाम देने जा रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद कटेया थानाध्यक्ष के निर्देश पर पु०अ०नि० सूर्यजीत कुमार एवं स०अ०नि० सनोज कुमार पुलिस बल के साथ पंचदेवरी पुलिस पिकेट के लिए रवाना हुए और भलुही–भागीपट्टी रोड पर वाहन जांच शुरू की गई।
करीब शाम 5:30 बजे, उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक काली पल्सर बाइक पर सवार तीन व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने ग्राम प्रहलदवा ईंट भट्ठा के पास घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया, जबकि एक अभियुक्त फरार हो गया।
पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि एक ट्रक चालक द्वारा ट्रक जब्त कराए जाने के कारण उसकी हत्या की योजना बनाई जा रही थी और उसी उद्देश्य से शूटर को लाया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
- ऋतिक सोनी (उम्र करीब 24 वर्ष), पिता – रितेश प्रसाद, निवासी – हजियापुर टोला, वार्ड नं. 07, थाना नगर, जिला गोपालगंज
- आलोक यादव, पिता – सुरेन्द्र यादव, निवासी – कुकुरमुका, थाना कटेया, जिला गोपालगंज
तलाशी के दौरान ऋतिक सोनी के पास से कमर में छिपाकर रखा एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जबकि आलोक यादव के पास से एक जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन मिला।
इस मामले में कटेया थाना में कांड संख्या 682/25 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में छापेमारी कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
बरामद सामान
- देशी कट्टा – 01 पीस
- जिंदा गोली – 02 पीस
- मोबाइल फोन – 02
- पल्सर मोटरसाइकिल – 01







