Gopalganj News: दहेज प्रताड़ना से तंग विवाहिता पर चाकू से हमला, पुलिस जांच में जुटी
गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। दहेज की मांग और दूसरी शादी के विवाद के बीच एक विवाहिता पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज गोपालगंज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल महिला की पहचान छपिया गांव निवासी सलोनी अंसारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2023 में थावे थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव निवासी करीमुल्लाह अंसारी से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में नकदी की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर महिला के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।
परिजनों का आरोप है कि पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को विवाद बढ़ गया। इसी दौरान पति की बड़ी भाभी जमीला खातून ने कथित तौर पर सलोनी अंसारी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद महिला के भाई ने उसे तुरंत गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का फर्दबयान दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।








