करवतही बाजार/गोपालगंज, टीडीएस वायरलस संवाददाता: गोपालगंज जिले के करवतही बाजार में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध सदानीरा महोत्सव 2025 की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह आयोजन 23 और 24 अक्टूबर को होगा,
जिसमें साहित्य, लोककला और सिनेमा जगत की विभूतियों को विभिन्न सम्मानों से नवाजा जाएगा। इस वर्ष के पुरस्कारों की घोषणा सदानीरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष साहित्यकार सर्वेश तिवारी ‘श्रीमुख’ ने की है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष ‘सदानीरा साहित्य सम्मान 2025’ दिल्ली के इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और चर्चित लेखक डॉ. पवन विजय को प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा ‘पंडित शर्मानंद देहाती लोक सम्मान’ प्रसिद्ध भोजपुरी अभिनेता कुणाल सिंह को मिलेगा।
वहीं ‘योगेंद्र योगी काव्य सम्मान 2025’ देश के प्रतिष्ठित कवि और साहित्यकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र को दिया जाएगा।
इन विभूतियों को मिलेगा सम्मान सदानीरा महोत्सव (Sadanira Festival) 2025
1. सदानीरा साहित्य सम्मान 2025 — डॉ. पवन विजय
डॉ. पवन विजय दिल्ली स्थित इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं और उन्होंने ‘फरवरी नोट्स’, ‘जोगी वीर’ और ‘मास्क मेनिफेस्टो’ जैसी चर्चित पुस्तकों की रचना की है। यह सम्मान पहले अनंत विजय, नवीन चौधरी और आशीष त्रिपाठी को दिया जा चुका है। साहित्य के क्षेत्र में डॉ. विजय का योगदान हिंदी जगत में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
2. पंडित शर्मानंद देहाती लोक सम्मान — कुणाल सिंह
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार कुणाल सिंह, जिन्होंने गंगा किनारे मोरा गांव, धरती मइया, दूल्हा गंगा पार के, घर अंगना, और बैरी कंगना जैसी सुपरहिट फिल्मों में अभिनय किया, इस वर्ष लोक सम्मान से सम्मानित किए जाएंगे। यह पुरस्कार पूर्व में भरत शर्मा व्यास और ब्रजभूषण मिश्र जैसे लोकगायकों और आलोचकों को दिया जा चुका है।
3. योगेंद्र योगी काव्य सम्मान 2025 — डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र
डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र देश के प्रसिद्ध कवि और लेखक हैं, जिन्होंने जाल फेंक रे मछेरे, ऋतुराज एक पल का, शिखरिणी और जाड़े में पहाड़ जैसी उल्लेखनीय काव्य पुस्तकों की रचना की है। उन्हें उनकी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान पूर्व में देवेन्द्र देव और ज्ञान प्रकाश आकुल को मिल चुका है।
4. रजनी राय स्मृति सम्मान 2025 — स्वयं श्रीवास्तव
सदानीरा मंच से किसी रचनाकार की पहली किताब के लिए दिया जाने वाला यह विशेष सम्मान इस बार प्रसिद्ध कवि स्वयं श्रीवास्तव को उनकी सराही गई पुस्तक ‘घर के वास्ते’ के लिए दिया जा रहा है। स्वयं श्रीवास्तव नई पीढ़ी के सबसे चर्चित कवियों में से एक हैं और उनकी रचनाओं में आधुनिक संवेदना झलकती है।
महोत्सव में होंगे संगीत, सिनेमा और कवि सम्मेलन के सत्र – Sadanira Festival 2025
सदानीरा महोत्सव 2025 केवल साहित्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक संस्कृति और सृजन का संगम है। दो दिवसीय इस आयोजन में साहित्य, संगीत और सिनेमा के कई सत्र आयोजित किए जाएंगे।
संगीत सत्र: इस बार लोकगायक गोपाल राय अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे। गोपाल राय भोजपुरी संगीत जगत का जाना-पहचाना नाम हैं और उनकी आवाज़ में लोक संस्कृति की आत्मा झलकती है।
परिचर्चा सत्र: इस सत्र में देश के प्रतिष्ठित विद्वान और साहित्यकार जैसे अनंत विजय, डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, डॉ. पवन विजय, लोकेश कौशिक, डॉ. रंजन त्रिपाठी, प्रवीण त्रिपाठी आदि भाग लेंगे। इस दौरान समकालीन साहित्य, समाज और संस्कृति पर विचार-विमर्श होगा।
कवि सम्मेलन: कवि सम्मेलन में डॉ. अनिल चौबे, स्वयं श्रीवास्तव, डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, प्रियंका राय, ज्ञान प्रकाश आकुल, संजीव मुकेश, नवल सुधांशु, चन्दन द्विवेदी, संजय मिश्र जैसे प्रसिद्ध कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
सिनेमा सत्र: भोजपुरी सिनेमा के महानायक कुणाल सिंह इस सत्र में विशेष अतिथि होंगे। वे भोजपुरी फिल्मों के भविष्य और वर्तमान सिनेमा की दिशा पर चर्चा करेंगे।
Sadanira Festival 2025 साहित्यकार सर्वेश तिवारी श्रीमुख ने दी जानकारी- महोत्सव के अध्यक्ष सर्वेश तिवारी ‘श्रीमुख’ ने बताया कि सदानीरा महोत्सव अब गोपालगंज की पहचान बन चुका है। यह आयोजन न केवल जिले बल्कि पूरे उत्तर भारत के साहित्य और संस्कृति प्रेमियों को जोड़ता है।

उन्होंने कहा – सदानीरा महोत्सव (Sadanira Festival) हमारी परंपरा, संस्कृति और सृजनशीलता का उत्सव है। इस मंच से हर साल नए रचनाकारों और कलाकारों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाता है।
सदानीरा महोत्सव 2025 – गोपालगंज की सांस्कृतिक पहचान, करवतही बाजार में आयोजित होने वाला यह महोत्सव हर वर्ष जिले में साहित्य और संस्कृति के उत्सव के रूप में मनाया जाता है।
Sadanira Festival – पिछले वर्षों में यहां कई राज्य के साहित्यकार, पत्रकार, कवि और कलाकार शामिल हो चुके हैं। इस बार भी जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग महोत्सव में भाग लेने की उम्मीद कर रहे हैं।
Sadanira Festival 2025
गोपालगंज का सदानीरा महोत्सव 2025 (Sadanira Festival) इस बार भी साहित्य, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम बनने जा रहा है। देश के नामचीन साहित्यकारों और कलाकारों की मौजूदगी से यह आयोजन ऐतिहासिक साबित होगा।
यह केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि एक ऐसी सांस्कृतिक परंपरा है जो बिहार की मिट्टी में बसे सृजन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।








