गोपालगंज न्यूज़ टीडीएस वायरलस: भोरे प्रखंड के तिवारी चफवा गांव में मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में शहीद हुए हवलदार मनीष तिवारी का प्रथम शहादत दिवस देशभक्ति और भावनात्मक माहौल में मनाया गया।
इस अवसर पर बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने शहीद मनीष तिवारी की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराकर शहीद को सलामी देने के साथ हुई।
ज्ञात हो कि 16 दिसंबर को पाकिस्तानी आतंकियों से लोहा लेते हुए हवलदार मनीष तिवारी वीरगति को प्राप्त हुए थे। वे सेवानिवृत्त सूबेदार मार्कण्डेय तिवारी के पुत्र थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मिथिलेश तिवारी ने शहीद के बलिदान को नमन किया और कहा कि उनका त्याग कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस दौरान ग्रामीणों व परिजनों ने गांव के सरकारी स्कूल का नामकरण ‘अमर शहीद मनीष तिवारी’ के नाम पर करने की मांग रखी, जिस पर विधायक ने सरकार को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया।
साथ ही उन्होंने शहीद की स्मृति में गांव में एक पुस्तकालय खोलने की घोषणा की और इसके संपूर्ण खर्च वहन करने की बात कही।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व विधान पार्षद टुन्ना जी पांडेय ने कहा कि शहीद मनीष तिवारी की कुर्बानी क्षेत्र के युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शंभू शरण द्विवेदी ने की, जबकि मंच संचालन कैप्टन द्विजेंद्र पांडेय ने किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
भोरे में विधायक मिथिलेश तिवारी का नागरिक अभिनंदन – भोरे आगमन पर बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी का केनरा बैंक परिसर में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया।

समर्थकों ने उन्हें तराजू पर बैठाकर लड्डू से तौलकर सम्मान प्रकट किया। फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। विधायक ने जनता और कार्यकर्ताओं के स्नेह के लिए आभार जताते हुए क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तत्पर रहने का भरोसा दिलाया।







