टीडीएस वायरलस न्यूज़, बिहार/सिधवलिया: गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र में हुई चर्चित चोरी की घटना का पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर सफल खुलासा कर दिया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और चोरी की गई ज्वेलरी बरामद की है। तेज़ और सटीक कार्रवाई के लिए गोपालगंज पुलिस की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी कौन हैं? पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र निवासी पंकज यादव (पिता– मोहित यादव) और नन्हे आलम (पिता– ईद महम्मद) के रूप में हुई है।
दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, वहीं मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
यह पूरा मामला 28 दिसंबर को सिधवलिया थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव का है। गांव निवासी लुकमान मियां की पत्नी जोहरा खातून ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत सिधवलिया थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात चोर घर से नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला-शिकायत मिलते ही सिधवलिया थाना पुलिस हरकत में आई। अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसका उद्देश्य चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी था।
एनएच-27 के पास पहली गिरफ्तारी-पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की। इस दौरान बरहिमा एनएच-27 के किनारे मुरदाबाद बिरयानी होटल के पास से पंकज यादव को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल का खाली मैगजीन, एक चाकू और अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ।
पंकज यादव से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सदौवा हाई स्कूल के पास छापेमारी कर नन्हे आलम को गिरफ्तार कर लिया।
उसकी तलाशी में एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी चोरी की घटनाओं में अवैध हथियारों का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जोहरा खातून के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने यह भी बताया कि वे पहले भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं और डर फैलाने के लिए अवैध हथियार रखते थे।
सिधवलिया पुलिस ने अवैध हथियार रखने और इस्तेमाल से जुड़े मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन हथियारों की खरीद-बिक्री कहां से और किस नेटवर्क के जरिए की गई थी।
बरामद सामान का पूरा विवरण पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं—
- एक देशी कट्टा
- एक देशी पिस्टल का खाली मैगजीन
- एक जिंदा कारतूस
- एक स्मार्ट फोन
- तीन छोटे मोबाइल फोन
- एक चाकू
- एक सोने जैसा दिखने वाला घड़ी
- एक सोने की अंगूठी
- एक सोने का झुमका
- सोने के 8 नोज पिन
- एक मंगलसूत्र
- 7 चांदी की सिकड़ी
- 4 चांदी की पायल
- एक बिछिया
- दो चांदी के लॉकेट
एसडीपीओ का बयान-सिधवलिया एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर चोरी कांड का खुलासा किया है।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।








