टीडीएस वायरलस न्यूज़, गोपालगंज (भोरे)–गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बड़हरा का परिसर अब पढ़ाई के लिए नहीं, बल्कि नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक स्कूल कैंपस में सरेआम मछली और मुर्गे की कटाई, गंदगी का अंबार और शाम होते ही नशेड़ियों की महफिल जम जाती है। जिस जगह बच्चों का भविष्य संवरना चाहिए, वहां अवैध गतिविधियों का बोलबाला है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्याम नंदन ठाकुर ने हालात को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि इससे शैक्षणिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कई बार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सूचना दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी लखींद्र दास का कहना है कि मामला संज्ञान में है और पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की बात कही जा रही है। साथ ही अवैध दुकानों पर कार्रवाई के लिए अंचलाधिकारी को परिवाद देने की बात कही गई है।
इस पूरे मामले को लेकर गाँव वालो में भारी आक्रोश है। गाँव के लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे स्कूल बंद के लिए मजबूर होंगे।








