टीडीएस वायरलस संवाददाता, भोरे/गोपालगंज न्यूज़ -भोरे थाना क्षेत्र के सिसई और दमकियां गांव के बीच NH-727B पर देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 10 से 15 बाइकों पर सवार बदमाशों ने एक सफेद कार का पीछा शुरू कर दिया। सभी युवक लाठी-डंडों से लैस बताए गए हैं। कार उत्तर प्रदेश के भिंगारी (Bhingari) की तरफ से तेज रफ्तार में भोरे की ओर आ रही थी,
जिसमें एक दंपति सवार था, बदमाशों से घिरे कार सवार भोरे थाना क्षेत्र के तिवारी चफवा निवासी गौरव तिवारी किसी तरह जान बचाकर सीधे भोरे थाना पहुंचे. हालांकि, दमकियां गांव के पास पहुंचते ही बाइक सवार युवक वहां से वापस लौट गए थे. पीड़ित गौरव तिवारी (Gaurav Tiwari) ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
पीड़ित का आरोप है कि पीछा करने के दौरान बदमाशों ने डराने के लिए फायरिंग भी की घटना के बाद पुलिस मामले की गहराई से जांच करेंगी. हालांकि, स्थानीय लोगो और पुलिस ने प्राथमिक जांच में गोली चलने की बात से साफ इनकार किया है.
मामले की लिखित शिकायत मिली है. पुलिस पूरी गंभीरता से घटना की जांच कर रही है. बाइक सवार कौन थे और कार का पीछा क्यों कर रहे थे, इसका पता लगाने के लिए रूट पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना के बाद से भोरे के लोग सहमे हुए हैं और पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है.







