JPU Result 2026: रिजल्ट गड़बड़ी पर ABVP का हंगामा, कुलपति ने जांच का दिया भरोसा
टीडीएस वायरलस एजुकेशन न्यूज़, छपरा: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) में स्नातक सत्र 2023-27 के परीक्षा परिणाम में सामने आई भारी गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले सैकड़ों छात्रों और कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार आक्रोश मार्च निकाला और प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन किया।

छपरा, सिवान और गोपालगंज जिलों से पहुंचे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रिजल्ट में हुई गड़बड़ी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान पूरे परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही और प्रशासन पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया गया।
ABVP क्या है पूरा मामला? दरअसल, जयप्रकाश विश्वविद्यालय द्वारा जारी स्नातक सत्र 2023-27 के परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में छात्रों के अंकपत्रों में गड़बड़ी सामने आई है। कई छात्रों के मार्कशीट में एक ही विषय में समान अंक, गलत टोटल या विषयों के अंक गायब होने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। इस वजह से हजारों छात्र परेशान हैं और उन्हें अपने भविष्य को लेकर चिंता सता रही है। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे न केवल उनका समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि करियर पर भी असर पड़ रहा है।

ABVP ने निकाला आक्रोश मार्च-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में छात्रों ने पहले विश्वविद्यालय परिसर में आक्रोश मार्च निकाला। इसके बाद सभी कार्यकर्ता प्रशासनिक भवन के गेट पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “रिजल्ट सुधारो”, “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारे लगाए। सभा को संबोधित करते हुए ABVP के प्रदेश सह मंत्री यशवंत कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय की लगातार लापरवाही के कारण छात्र-छात्राएं सड़क पर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रांत संयोजक रवि पांडेय ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द रिजल्ट में सुधार नहीं किया गया तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि इस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। रजनीकांत सिंह ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जिनकी वजह से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ा है, उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
विभाग संयोजक अनीश कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय की बार-बार की गलतियों का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं हर्षिता कुमारी ने छात्राओं की परेशानियों को उठाते हुए कहा कि उन्हें बेवजह इधर-उधर भटकने पर मजबूर किया जा रहा है।

ABVP कुलपति ने दिया आश्वासन स्थिति को गंभीर होता देख कुलपति खुद आंदोलन स्थल पर पहुंचे और छात्रों से वार्ता की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। कुलपति ने कहा कि इसके लिए एक जांच कमिटी का गठन किया जाएगा, जो सभी शिकायतों की समीक्षा करेगी और जिन छात्रों के अंकपत्र में गड़बड़ी है, उसमें जल्द सुधार किया जाएगा।
ABVP 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा प्रदर्शन के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने कुलपति को 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा। इसमें मुख्य रूप से निम्न मांगें शामिल थीं:
- रिजल्ट में हुई सभी त्रुटियों का जल्द सुधार
- दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई
- सुधार किए गए अंकपत्रों का शीघ्र वितरण
- भविष्य में ऐसी गलती न हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था
कुलपति के आश्वासन के बाद ABVP ने फिलहाल अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की, लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो फिर से आंदोलन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में ABVP के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनोज गुप्ता, अनूप दुबे, वेद प्रकाश चौहान, हर्ष राज, सचिन चौरसिया, नीरज यादव, गुलशन कुमार, अर्पित सिंह, रितेश प्रकाश, अमर पांडे, अभिषेक सोनी, आशीष कुमार, शिवम मिश्रा सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल थे।
रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर छात्रों में लगातार चिंता बढ़ रही है। कई छात्रों ने बताया कि वे आगे की पढ़ाई या नौकरी के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।
ABVP Protest JPU Chhapra
जयप्रकाश विश्वविद्यालय में रिजल्ट गड़बड़ी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ABVP के प्रदर्शन के बाद भले ही कुलपति ने जांच का भरोसा दिया हो, लेकिन असली परीक्षा अब प्रशासन की है कि वह कितनी जल्दी और पारदर्शिता के साथ इस समस्या का समाधान करता है।






