टीडीएस वायरलस न्यूज़, गोपालगंज/कटेया: गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत भेड़िया गांव में एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका का शव घर के अंदर पंखे से लटका हुआ पाया गया, जिसके बाद परिजनों और गाँव के बीच हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कटेया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
वहीं मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि फांसी लगाकर की गई हत्या बताया है।
मृतका की पहचान भेड़िया गांव निवासी दिलीप शर्मा की पत्नी प्रियंका देवी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रियंका की शादी करीब 15 वर्ष पहले कटेया थाना क्षेत्र के मुकटा गांव निवासी विनोद शर्मा की बेटी के रूप में दिलीप शर्मा से हुई थी।
शादी के बाद प्रियंका दो बच्चों एक बेटा और एक बेटी की मां बनी। वर्तमान में प्रियंका का पति दिलीप शर्मा रोज़गार के सिलसिले में दुबई में रह रहा है, जबकि प्रियंका अपने बच्चों के साथ ससुराल में रहती थी।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि प्रियंका को लंबे समय से ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई बिलकेश शर्मा ने बताया कि ससुराल पक्ष के कुछ सदस्य,
जिनमें बड़ी जेठानी सहित अन्य लोग शामिल हैं, छोटी-छोटी बातों को लेकर प्रियंका के साथ मारपीट करते थे। कई बार उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
बिलकेश शर्मा का कहना है कि प्रियंका ने कई बार अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी मायके वालों को दी थी, लेकिन सामाजिक दबाव और बच्चों के भविष्य को देखते हुए मामला शांत कराने की कोशिश की जाती रही।
बिलकेश शर्मा ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन उन्हें गांव के कुछ लोगों से फोन पर सूचना मिली कि प्रियंका की तबीयत अचानक खराब हो गई है।
जब वे आनन-फानन में भेड़िया गांव पहुंचे, तो घर के अंदर प्रियंका का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिजन अचंभित रह गए। उनका आरोप है कि पहले प्रियंका (Priyanka) की हत्या की गई और बाद में सबूत मिटाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद कटेया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने घर के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मायके पक्ष की ओर से ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इस मामले में अपर थाना अध्यक्ष आरसी तिवारी ने बताया कि आत्महत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
आवेदन मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर मामले की गहन जांच की जाएगी और जो भी मामला सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कटेया थाना अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि मृतका के घर में घटना के समय उसके दो बच्चे मौजूद थे। बच्चों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उनकी मां ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
बच्चों के अनुसार, सुबह जब वे नींद से जागे तो दरवाजा बंद था। काफी देर तक मां के नहीं उठने पर उन्होंने दरवाजा खोला और आसपास के लोगों को बुलाया। पुलिस के अनुसार, मौके पर शव पंखे से लटका हुआ पाया गया।
उनका कहना है कि प्रियंका को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और यह आत्महत्या नहीं हो सकती। परिजन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कह रहे हैं।
फिलहाल इस घटना को लेकर भेड़िया गांव और आसपास के गांवों में चर्चा का माहौल है। ग्रामीण भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।







