टीडीएस वायरलस न्यूज़, बिहार: गोपालगंज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के उत्तर बिहार के 67वें प्रदेश अधिवेशन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
यह भव्य अधिवेशन 3 से 5 जनवरी तक शहर के स्थानीय मिंज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में पूरे बिहार से लगभग 1500 प्रतिनिधि भाग लेंगे, जो वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक मुद्दों पर मंथन करेंगे।
अधिवेशन को सफल बनाने के उद्देश्य से ABVP गोपालगंज इकाई के कार्यकर्ता इन दिनों धन संग्रह और जनसंपर्क अभियान में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
इसी कड़ी में संगठन के कार्यकर्ताओं ने सिविल कोर्ट परिसर का भ्रमण किया, जहां उन्होंने अधिवक्ताओं से मुलाकात कर सहयोग राशि एकत्र की और उन्हें अधिवेशन में शामिल होने का औपचारिक आग्रह पत्र सौंपा।
सिविल कोर्ट में संपर्क के दौरान अधिवक्ताओं ने ABVP के इस आयोजन को सकारात्मक पहल बताते हुए खुले दिल से सहयोग का आश्वासन दिया। अधिवक्ताओं ने न सिर्फ आर्थिक सहयोग देने की सहमति जताई,
बल्कि अधिवेशन में स्वयं उपस्थित होकर विचार-विमर्श में भाग लेने की भी इच्छा जाहिर की। अधिवक्ताओं का कहना था कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को दिशा मिलती है और समाज में रचनात्मक संवाद को बढ़ावा मिलता है।

67वें प्रदेश अधिवेशन में बिहार के वर्तमान परिदृश्य, बेरोजगारी, राष्ट्रवाद, महिला उत्थान, शिक्षा व्यवस्था, युवाओं की भूमिका जैसे अहम विषयों पर सार्थक और गंभीर चर्चा की जाएगी।
ABVP का मानना है कि ऐसे मंचों के माध्यम से छात्र-युवा वर्ग की समस्याओं और सुझावों को एक साझा मंच मिलता है, जिससे नीतिगत स्तर पर सकारात्मक बदलाव की राह प्रशस्त होती है।
इस अभियान में शामिल ABVP कार्यकर्ताओं ने बताया कि अधिवेशन केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता से जुड़ा आयोजन है।
अधिवेशन के माध्यम से युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच को मजबूत किया जाएगा।
सिविल कोर्ट में किए गए संपर्क अभियान में मुख्य रूप से अधिवक्ता राकेश राय, रवि प्रकाश, मनी त्रिपाठी, राकेश शर्मा, विनय मिश्रा, मनीष किशोर नारायण, रौशन श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता शामिल रहे।
वहीं ABVP की ओर से हरिओम राय, आकाश गोयल, अश्विनी कुमार, अनीश कुमार, प्रिंश सिंह, रोहित जायसवाल, मंजीत राय, सूरज कुमार चंदन, विवेक, विक्की, आशुतोष समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अधिवेशन की तैयारियों को लेकर गोपालगंज में उत्साहपूर्ण माहौल देखा जा रहा है। बैनर-पोस्टर, बैठकों और जनसंपर्क अभियानों के जरिए कार्यक्रम को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है। संगठन का दावा है कि यह अधिवेशन उत्तर बिहार के छात्र आंदोलन को नई दिशा देगा।
ABVP का 67वां उत्तर बिहार प्रदेश अधिवेशन न सिर्फ एक संगठनात्मक कार्यक्रम है, बल्कि यह विचार, विमर्श और भविष्य की रणनीति का महत्वपूर्ण मंच साबित होने जा रहा है।
गोपालगंज में होने जा रहा यह आयोजन छात्र-युवाओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का काम करेगा और आने वाले समय में इसके दूरगामी परिणाम देखने को मिल सकते हैं।







