छपरा/न्यूज़ – दीपावली के इस पावन अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), छपरा के सेवा आयाम ‘स्टूडेंट्स फॉर सेवा’ (SFS) ने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक हृदयस्पर्शी पहल की। ‘नेकी की दीवार’ मुहिम के अंतर्गत शुक्रवार शाम छपरा जंक्शन परिसर में उपस्थित बेसहारा बुजुर्गों, माताओं-बहनों और मासूम बच्चों के बीच कपड़े, किताबें, खिलौने एवं अन्य जरूरी वस्तुएं बांटी गईं।
विदित हो कि अभाविप ने शहरवासियों से आग्रह किया था कि त्योहार पर घरों से निकलने वाले ऐसे उपयोगी सामान जो उनके काम न आ रहे हों, वे परिषद को सौंपें ताकि उन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके। समाज के खुले दिल से मिले सहयोग को जब कार्यकर्ताओं ने स्टेशन पर ठिठुरती रातों और अभाव में जीने वाले असहाय लोगों तक पहुंचाया, तो वहां का माहौल भावुक हो उठा। कपड़ों और किताबों को अपने सीने से लगाए बड़े बुजुर्ग, और नन्हें बच्चों के चेहरों पर बिखरी निश्चल मुस्कान ने हर कार्यकर्ता की आंखें नम और मन तृप्त कर दिया।
इस सेवा कार्य के दौरान नगर सह मंत्री ऋतिक सिंह, शिवम मिश्रा, रंकित सिंह, SFS संयोजक रवि राणा, SFD सह संयोजक आर्यन सिंह, खेलो भारत सह संयोजक आयुष कश्यप, राजेंद्र कॉलेज मंत्री शशि कुमार एवं मिन्शू कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
परिषद के कार्यकर्ताओं ने भावुक स्वर में कहा कि सच्ची दीपावली तभी सार्थक होती है जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े किसी बेसहारा व्यक्ति के जीवन में भी खुशियों का दीया जले।
केवल किताबों और नारों तक सीमित न रहकर, अभावग्रस्तों के आंसुओं को पोंछना और उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाना ही विद्यार्थी परिषद के सेवा भाव का मूल मंत्र है। राष्ट्र पुनर्निर्माण का यह संकल्प ऐसे ही नर सेवा को नारायण सेवा मानकर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।










