टीडीएस वायरलस न्यूज़, कुचायकोट: गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी के प्रयास के दौरान एक नाबालिग को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
नाबालिग की तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद होने के बाद पूरे गांवों में बवाल मच गया।
घटना कुचायकोट थाना क्षेत्र के रामपुर माधोपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव की एक दुकान में देर रात चोरी का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान दुकान के आसपास मौजूद लोगों को संदिग्ध गतिविधि का आभास हुआ।
जब लोगों ने दुकान के भीतर जाकर देखा तो एक नाबालिग चोरी करते हुए पाया गया। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए नाबालिग को पकड़ लिया और तुरंत इसकी सूचना कुचायकोट थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
अवैध हथियार की बरामदगी के बाद मामला और भी गंभीर हो गया। कुचायकोट थानाध्यक्ष दर्पण सुमन ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रामपुर माधोपुर गांव की एक दुकान में चोरी के दौरान एक नाबालिग को पकड़ा गया है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में चोरी के प्रयास की पुष्टि हुई और तलाशी के दौरान अवैध हथियार बरामद किए गए।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में नाबालिग ने अपने एक साथी के बारे में जानकारी दी। नाबालिग से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए
श्यामपुर गांव के रमना फील्ड के पीछे स्थित नया टोला श्यामपुर गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां से जम्मा नट के पुत्र छोटु बाबू नट उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी छोटु बाबू नट उर्फ गोलू की तलाशी के दौरान पुलिस को एक चाकू, एक ड्रिल मशीन और चोरी से संबंधित अन्य सामान बरामद हुआ।
इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से नकद 2600 रुपये और एक पंखे का मोटर भी जब्त किया। पुलिस का मानना है कि ये सभी सामान चोरी के दौरान इस्तेमाल किए गए या चोरी से प्राप्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग और गिरफ्तार आरोपी छोटु बाबू नट उर्फ गोलू दोनों ने दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी चोरी जैसी घटनाओं में अंजाम रहे हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है।
इस मामले में सबसे गंभीर पहलू अवैध हथियारों की बरामदगी को माना जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि ये हथियार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नाबालिग के पास देशी कट्टा और कारतूस कहां से आए और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कुचायकोट थाना में दुकान में चोरी करने, चोरी के प्रयास और अवैध हथियार रखने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।
नाबालिग के मामले को किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि गिरफ्तार आरोपी छोटु बाबू नट उर्फ गलू को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
बरामद सामानों में एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो चाकू, एक ड्रिल मशीन, 2600 रुपये नकद और एक पंखे का मोटर शामिल है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं और अवैध हथियारों के नेटवर्क का खुलासा होने की पूरी संभावना है।







