टीडीएस वायरलस न्यूज़, सासामुसा शुगर मिल: गोपालगंज जिले के कुचायकोट प्रखंड अंतर्गत सासामुसा स्थित शुगर मिल के बाहर पिछले 14 दिनों से चल रहा गन्ना किसानों का धरना आखिरकार समाप्त हो गया।
यह धरना स्थानीय विधायक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पांडेय द्वारा दिए गए ठोस आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। विधायक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री स्तर पर सकारात्मक पहल हुई है और जल्द ही शुगर मिल के पुनः संचालन की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
गन्ना किसानों का यह आंदोलन शुगर मिल के लंबे समय से बंद रहने, बकाया गन्ना भुगतान न होने और क्षेत्र में रोजगार संकट को लेकर शुरू किया गया था।
पिछले 14 दिनों से सैकड़ों किसान दिन-रात धरने पर बैठे थे और सरकार व प्रशासन से मिल को चालू करने तथा बकाया भुगतान की मांग कर रहे थे। धरने के कारण पूरे क्षेत्र में आंदोलन का माहौल बना हुआ था।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद टूटा धरना-विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि बुधवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सासामुसा शुगर मिल के निलंबन को रद्द कर पुनः संचालन शुरू कराने और किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
मुख्यमंत्री द्वारा इस मामले में चालू करने के आश्वासन मिलने के बाद विधायक सीधे धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से संवाद किया। विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का भरोसा दिया है।
इसी के आधार पर विधायक ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनका संघर्ष व्यर्थ नहीं जाएगा और शुगर मिल को पुनः चालू करने की दिशा में सरकार गंभीर है।
किसानों में जगी नई उम्मीद-विधायक के आश्वासन के बाद धरना पर बैठे किसानों ने आपसी सहमति से आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। शुगर मिल के बंद होने से न केवल गन्ना किसानों को नुकसान हुआ है, बल्कि मिल पर निर्भर हजारों मजदूरों और उनके परिवारों की आजीविका भी प्रभावित हुई है।
किसानों का कहना है कि यदि शुगर मिल जल्द चालू होती है तो क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और किसानों को अपने गन्ने का उचित मूल्य समय पर मिल सकेगा। धरना समाप्ति के दौरान किसानों के चेहरे पर उम्मीद और राहत दोनों साफ झलक रही थी।
किसानों का संघर्ष बेकार नहीं जाएगा – विधायक धरना समाप्ति के मौके पर विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा, किसानों का संघर्ष बेकार नहीं जाएगा। यह शुगर मिल क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसे हर हाल में चालू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री स्वयं इस दिशा में पहल कर रहे हैं और जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। कहा कि सासामुसा शुगर मिल कभी इस क्षेत्र की एक प्रमुख औद्योगिक इकाई हुआ करती थी,
जिस पर हजारों किसानों और मजदूरों की रोजी-रोटी निर्भर थी। कुछ वर्ष पूर्व मिल में हुए एक बड़े हादसे के बाद इसका संचालन बंद हो गया, जिससे क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
किसानों ने बताया कि कई ऐसे किसान और मजदूर हैं जिनका पैसा अभी भी मिल प्रबंधन के पास फंसा हुआ है।
लंबे समय से भुगतान न होने के कारण किसान कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं। इसी समस्या को लेकर किसानों ने 14 दिनों तक लगातार धरना देकर अपनी आवाज बुलंद की।
फिलहाल 14 दिनों तक चला यह आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया है, लेकिन किसानों ने स्पष्ट किया है कि यदि आश्वासन पर अमल नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।







