टीडीएस वायरलस न्यूज़ | गोपालगंज/बिहार: गोपालगंज जिले में आज छात्र राजनीति के क्षेत्र में एक बड़ा और निर्णायक बदलाव देखने को मिला। जिले के विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े कई प्रमुख छात्र नेताओं ने सामूहिक रूप से छात्र जनता दल यूनाइटेड (छात्र जदयू) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
इस घटनाक्रम को जिले की छात्र राजनीति में एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। सदस्यता कार्यक्रम छात्र जदयू के अध्यक्ष, जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा, श्री राहुल कुमार यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने यह साफ संकेत दे दिया कि अब गोपालगंज के छात्र केवल नारों और खोखले वादों की राजनीति से आगे बढ़कर ठोस नेतृत्व और स्पष्ट नीति के साथ खड़ा होना चाहते हैं।
छात्र जदयू में शामिल होने वालों में मोहम्मद अफजल, राजा कुमार अनीश, सचिन कुमार, दीपक कुमार, कारण आर्या, प्रिंस गुप्ता, धर्मेंद्र शर्मा, नितीश माझी, आजाद कुमार सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
इस मौके पर छात्र नेताओं ने खुलकर कहा कि लंबे समय तक विभिन्न संगठनों से जुड़े रहने के बावजूद छात्र हितों से जुड़े मूल मुद्दे जस के तस बने रहे।
न तो विश्वविद्यालयों में समय पर परीक्षाएं हो सकीं, न ही छात्रवृत्ति, रोजगार और शैक्षणिक सुविधाओं को लेकर कोई ठोस संघर्ष दिखाई दिया। इसी असंतोष और निराशा के कारण उन्होंने एक ऐसे संगठन से जुड़ने का फैसला किया, जो छात्र हितों को केवल मुद्दा नहीं, बल्कि मिशन मानता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छात्र जदयू के अध्यक्ष श्री राहुल कुमार यादव ने कहा, आज गोपालगंज में जो हुआ है, वह केवल एक सदस्यता कार्यक्रम नहीं,
बल्कि छात्र राजनीति में भरोसे का परिवर्तन है। छात्र अब भ्रम और दिखावे की राजनीति से ऊपर उठकर विकास, सामाजिक न्याय और जिम्मेदार नेतृत्व की ओर बढ़ रहे हैं। छात्र-छात्राओं का छात्र जदयू में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि अब छात्र अपनी आवाज को मजबूती से उठाना चाहते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शिक्षा, छात्र कल्याण और युवाओं के भविष्य को लेकर जो ठोस कार्य हुए हैं,
उनकी झलक छात्र जदयू की राजनीति में भी दिखाई देती है। छात्र जदयू छात्र राजनीति को अराजकता नहीं, बल्कि समाधान और संवाद का माध्यम मानता है।
सदस्यता ग्रहण करने वाले छात्र मोहम्मद अफजल ने कहा कि छात्र जदयू में शामिल होना उनके लिए केवल एक संगठन बदलना नहीं, बल्कि छात्र हितों की सच्ची लड़ाई का हिस्सा बनना है।
उन्होंने कहा कि छात्र जदयू ही वह मंच है, जहां छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाता है और उनके समाधान के लिए संगठित प्रयास किए जाते हैं।
वहीं राजा कुमार अनीश ने कहा कि छात्र जदयू की संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन और स्पष्ट राजनीतिक सोच ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव की बहाली, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, समय पर रिजल्ट, छात्रवृत्ति और रोजगार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर यदि कोई संगठन गंभीरता से संघर्ष कर सकता है, तो वह छात्र जदयू है।

कार्यक्रम में शामिल छात्रों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका यह निर्णय किसी व्यक्तिगत स्वार्थ या पद की चाह में नहीं, बल्कि पूरी तरह वैचारिक आधार और छात्र हित में लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि छात्र राजनीति को नई दिशा दी जाए, जहां संघर्ष के साथ-साथ समाधान भी नजर आए।
कार्यक्रम के अंत में सभी नव-प्रवेशी सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे गोपालगंज जिले में छात्र जदयू को और मजबूत करेंगे, छात्रों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाएंगे और छात्र हितों की लड़ाई को और तेज करेंगे। इस अवसर पर अनमोल कुमार, जीतू कुमार, पवन कुमार सहित कई छात्र नेताओं ने नए सदस्यों को बधाई दी।







